भागलपुर: मिड डे मील मैनेजर रिश्वत लेते गिरफ्तार, शिकायतकर्ता BRP की नौकरी गई
भागलपुर में मिड डे मील मैनेजर मनोज कुमार को रिश्वत लेते पकड़ा गया, वहीं शिकायतकर्ता BRP को विभाग ने नौकरी से हटाया।

बिहार के भागलपुर से भ्रष्टाचार का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको चौंका दिया है। यहाँ मिड डे मील योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) मनोज कुमार को विजिलेंस विभाग ने 1 लाख 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (BRP) रजनीश कुमार दास द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब शिक्षा विभाग ने शिकायतकर्ता रजनीश कुमार दास को ही सेवा से मुक्त करने का आदेश जारी कर दिया।
रिश्वत कांड और विभागीय कार्रवाई का उलझा मामला
विजिलेंस जांच ब्यूरो के डीएसपी रामविलास सिंह ने बताया कि रजनीश कुमार दास ने आरोप लगाया था कि डीपीएम मनोज कुमार सिंह उनसे रिश्वत की मांग कर रहे हैं। इस शिकायत की पुष्टि के बाद एक टीम बनाई गई और शनिवार को मनोज कुमार को रिश्वत की रकम के साथ दबोच लिया गया।
एक तरफ जहाँ डीपीएम सलाखों के पीछे हैं, वहीं दूसरी तरफ शिक्षा विभाग ने रजनीश कुमार दास के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। विभाग ने रजनीश पर 1 लाख 24 हजार 931 रुपये का जुर्माना लगाया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकेश कुमार ने पुष्टि की है कि इस राशि की वसूली रजनीश के बकाया मानदेय और अन्य देय राशियों से की जाएगी, जिसके बाद उन्हें उनके पद से मुक्त कर दिया जाएगा।
विभागीय सूत्रों की मानें तो रजनीश कुमार दास पहले से ही सरकारी फंड की अनियमितताओं और अनधिकृत निकासी के आरोपों का सामना कर रहे थे। चर्चा यह भी है कि उन्होंने अपनी विभागीय जांच से ध्यान भटकाने के लिए डीपीएम को रिश्वत के जाल में फंसाया होगा, हालांकि अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या विजिलेंस विभाग को शिकायतकर्ता के खिलाफ चल रही विभागीय कार्रवाई की जानकारी थी और क्या इन दोनों मामलों की जांच अलग-अलग तरीके से की जाएगी।