बिहार के विश्वविद्यालयों के लिए बनेगा एक समान हॉलिडे कैलेंडर, वीसी कमेटी करेगी तैयारी

बिहार के सभी विश्वविद्यालयों के लिए एक समान हॉलिडे कैलेंडर तैयार करेगा तीन सदस्यीय वीसी पैनल। जानें क्या है पूरा मामला।

Hariom Mishra10 November 20261 min read13 viewsBihar
बिहार के विश्वविद्यालयों के लिए बनेगा एक समान हॉलिडे कैलेंडर, वीसी कमेटी करेगी तैयारी

बिहार के उच्च शिक्षा संस्थानों में अब छुट्टियों और शैक्षणिक कैलेंडर को लेकर होने वाली उलझनें खत्म होंगी। राज्यपाल सचिवालय (लोक भवन) ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के लिए साल 2027 के लिए एक समान अवकाश और शैक्षणिक कैलेंडर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक समय सारिणी में मौजूद अंतर को मिटाना है, ताकि छात्रों और शिक्षकों को एक व्यवस्थित शेड्यूल मिल सके।

इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए तीन सदस्यीय कुलपति (VC) समिति का गठन किया गया है। इस कमेटी में तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी (TMBU), आरा की वीर कुंवर सिंह यूनिवर्सिटी और दरभंगा की कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत यूनिवर्सिटी के कुलपति शामिल किए गए हैं।

दो हफ्ते में सौंपी जाएगी रिपोर्ट

अतिरिक्त सचिव संजय कुमार द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस तीन सदस्यीय समिति को निर्देश दिया गया है कि वे अगले दो हफ्तों के भीतर अपना काम पूरा कर रिपोर्ट सौंपें। राज्यपाल-सह-कुलाधिपति का मानना है कि जब सभी विश्वविद्यालयों का कैलेंडर एक जैसा होगा, तो शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षाओं के आयोजन और परिणामों के प्रकाशन में बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।

अक्सर यह देखा जाता था कि अलग-अलग यूनिवर्सिटीज में छुट्टियों और एग्जाम की तारीखों में काफी अंतर होता था, जिससे छात्रों को काफी परेशानी होती थी। अब एक एकीकृत कैलेंडर आने से पूरे बिहार के यूनिवर्सिटी सिस्टम में एकरूपता आएगी और समय पर कोर्स पूरा करने व रिजल्ट जारी करने में मदद मिलेगी।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment