भारतीय मजदूर संघ की प्रांतीय बैठक संपन्न, मार्च में पूर्णिया में जुटेगा प्रदेश का श्रमिक नेतृत्व

कहलगांव में भारतीय मजदूर संघ की दो दिवसीय बैठक संपन्न हुई, जिसमें श्रमिकों के हितों और आगामी प्रदेश अधिवेशन की तैयारी पर चर्चा हुई।

Hariom Mishra22 November 20262 min read0 viewsBihar
भारतीय मजदूर संघ की प्रांतीय बैठक संपन्न, मार्च में पूर्णिया में जुटेगा प्रदेश का श्रमिक नेतृत्व

भागलपुर के कहलगांव स्थित एनटीपीसी प्रांगण के अलकनंदा भवन में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की दो दिवसीय प्रांतीय कार्यसमिति बैठक रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। 'देश के हित में करेंगे काम, व काम के लेंगे पूरे दाम' जैसे राष्ट्रवादी नारों के बीच आयोजित इस बैठक में श्रमिक हितों और संगठन की मजबूती पर गहन मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष राजेश कुमार लाल प्रसाद ने की और संचालन प्रदेश महामंत्री मनीष कुमार ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अखिल भारतीय मंत्री संजय कुमार सिन्हा और क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस मौके पर स्थानीय विधायक शुभानन्द मुकेश ने बीएमएस को एक सशक्त संगठन बताते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्र हित, उद्योग हित और श्रमिक हित के बीच संतुलन साधना है। वहीं, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान ने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि वे स्वयं बीएमएस के सदस्य और प्रदेश मंत्री रह चुके हैं, जिससे उन्हें इस बैठक में जुड़कर काफी सुखद अनुभूति हुई।

पूर्णिया में होगा भव्य प्रदेश अधिवेशन

बैठक के दौरान संगठित और असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की समस्याओं और उनके अधिकारों पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी सदस्यों ने श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों को तेज करने का संकल्प लिया। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय आगामी प्रदेश अधिवेशन को लेकर लिया गया। सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि भारतीय मजदूर संघ का प्रदेश अधिवेशन 26, 27 और 28 मार्च 2027 को पूर्णिया में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष रामबाबू सिंह, प्रांतीय मंत्री शंभू कुमार चौबे, सिम्पी कुमारी, वित्त सचिव मुकेश कुमार सिन्हा और अखिल भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ के संगठन मंत्री मुरारी प्रसाद सहित कई जिला प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय ताप विद्युत श्रमिक संघ की कहलगांव इकाई के अध्यक्ष मनोज आर्या, महामंत्री शम्भू कुमार पाण्डेय और अन्य पदाधिकारी भी इस महत्वपूर्ण चर्चा का हिस्सा बने।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment