रिश्वत कांड में नया मोड़: शिकायतकर्ता BRP पर 1.24 लाख का जुर्माना, विभाग ने किया कार्यमुक्त

भागलपुर में DPM को रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद अब शिकायतकर्ता BRP रजनीश कुमार दास पर 1.24 लाख का जुर्माना लगा और उन्हें कार्यमुक्त किया गया।

Talat Praveen22 November 20262 min read0 viewsCity Local
रिश्वत कांड में नया मोड़: शिकायतकर्ता BRP पर 1.24 लाख का जुर्माना, विभाग ने किया कार्यमुक्त

भागलपुर के जिला शिक्षा कार्यालय में हुए चर्चित रिश्वत कांड ने अब एक हैरान करने वाला मोड़ ले लिया है। जिस प्रखंड साधनसेवी (BRP) रजनीश कुमार दास ने भ्रष्टाचार की शिकायत की थी और जिसकी मदद से जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) मनोज कुमार सिंह को रंगेहाथ पकड़ा गया था, अब उसी शिकायतकर्ता पर विभाग ने गाज गिराई है। शिक्षा विभाग ने रजनीश कुमार दास को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए उन पर भारी जुर्माना ठोक दिया है।

विभागीय आदेश के मुताबिक, रजनीश कुमार दास पर 1 लाख 24 हजार 931 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। विभाग ने यह स्पष्ट निर्देश दिया है कि बीआरपी के बकाया मानदेय और अन्य मदों की राशि का हिसाब किया जाए और दंड की पूरी रकम वहां से वसूली जाए। बताया जा रहा है कि रजनीश पर पहले से ही सरकारी पैसों की निकासी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप थे, जिसकी जांच चल रही थी। इसी सिलसिले में 4 नवंबर को जारी एक आदेश में संशोधन करते हुए अब उन्हें पद से हटा दिया गया है।

क्या था पूरा मामला?

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब शनिवार को पटना से आई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की पांच सदस्यीय टीम ने कचहरी परिसर स्थित शिक्षा कार्यालय में छापेमारी की। टीम ने डीपीएम मनोज कुमार सिंह को उनके केबिन से 1.10 लाख रुपये नकद लेते हुए गिरफ्तार किया था।

शिकायतकर्ता रजनीश दास का आरोप था कि डीपीएम उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दे रहे थे और विभागीय कार्रवाई से बचाने के बदले डेढ़ लाख रुपये की घूस मांग रहे थे। रजनीश के मुताबिक, वह पहले ही 40 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर चुके थे और बाकी के 1.10 लाख रुपये नकद देते समय निगरानी टीम ने जाल बिछाकर उन्हें दबोच लिया। हालांकि, अब विभाग की इस कार्रवाई ने मामले को पूरी तरह पलट दिया है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment