गोड्डा-भागलपुर हाईवे पर बोलेरो और ट्रक की भीषण टक्कर, एक की मौत, चार घायल
गोड्डा-भागलपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार घायल हैं। हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया।

गोड्डा-भागलपुर मुख्य हाईवे (NH-333E) पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। दुमरिया गांव के पास नीलझि पुल के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब बोलेरो सवार लोग बोकारो में एक तिलक समारोह में शामिल होकर बांका जिले के अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान बांका के धोरैया थाना क्षेत्र के चतुर्भुज गांव निवासी अजय सिंह के रूप में हुई है।
दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, ड्राइवर मलबे में था दबा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बोलेरो का ड्राइवर उमेश मंडल गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और गाड़ी के अगले हिस्से को काटकर उसे बाहर निकाला गया।
घायलों में चुन्ना कुमार सिंह, अवधेश सिंह, ऋतिक सिंह और ड्राइवर उमेश मंडल शामिल हैं। सभी को पहले गोड्डा के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया है।
वहीं, टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा और ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश कुमार राउत ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि ड्राइवर को नींद आने की वजह से यह हादसा हुआ होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
इस हादसे ने दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। मृतक अजय सिंह के बेटे की शादी 2 दिसंबर को होने वाली थी, जबकि घायल चुन्ना कुमार सिंह की बेटी का विवाह 24 नवंबर को तय था। खुशियों के बीच आए इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।