विक्रमशिला सेतु पर अंतिम गर्डर लॉन्चिंग पूरी, 14 जनवरी तक दौड़ेंगे भारी वाहन
विक्रमशिला सेतु पर गर्डर लॉन्चिंग पूरी हुई, अब स्लैब ढलाई जारी है। 14 जनवरी तक भारी वाहनों के लिए पुल खुलने की उम्मीद।

अंग क्षेत्र को कोसी और सीमांचल से जोड़ने वाली लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु मरम्मत कार्य ने अब निर्णायक मोड़ ले लिया है। पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर अंतिम स्टील गर्डर लॉन्चिंग का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जिसके बाद अब स्लैब ढलाई का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। प्रशासन और निर्माण एजेंसी ने लक्ष्य रखा है कि मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी तक इस पुल को भारी वाहनों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाए।
आपको याद होगा कि इस साल 3 और 4 मई की दरमियानी रात को सेतु के पाया संख्या 133 के पास एक बड़ा स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया था। हादसे के बाद छोटे वाहनों के लिए अस्थायी बेली ब्रिज बनाया गया था, लेकिन स्थायी मरम्मत के लिए 30 सितंबर से पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया था। अब एसपी सिंगला कंपनी की टीम देश भर से आए विशेषज्ञों की देखरेख में इस काम को अंजाम दे रही है। टीम ने टूटे हुए मुख्य हिस्से के साथ तीन अन्य क्षतिग्रस्त स्लैब को हटाकर वहां स्टील ट्रस्ट गर्डर स्थापित कर दिए हैं।
लोड टेस्टिंग के बाद मिलेगा रास्ता
तकनीकी टीम के मुताबिक, 15 दिसंबर तक स्लैब की ढलाई का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद कंक्रीट की मजबूती के लिए क्यूरिंग (तराई) की जाएगी और फिर पुल की भार सहने की क्षमता जांचने के लिए 'लोड टेस्टिंग' की जाएगी। इसके अलावा, पुल का वजन कम करने के लिए पुरानी रेलिंग और फुटपाथ को बदला जा रहा है और खराब एक्सपेंशन जॉइंट्स को भी ठीक किया जा रहा है।
पुल के जनवरी में खुलने की खबर से भागलपुर, नउगाचिया और सीमांचल के लाखों लोगों ने राहत की सांस ली है। वर्तमान में लोगों को मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु या नावों के जरिए लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसा दोनों की बर्बादी हो रही थी।